
मुंगेली। छत्तीसगढ़ कायस्थ समाज के संरक्षक रज्जन श्रीवास्तव की संस्तुति एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद खरे के अनुमोदन पर डॉ. संजय वर्मा को कायस्थ समाज मुंगेली का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन की जानकारी मिलते ही समाजजनों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. संजय वर्मा ने अपनी नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए समाज के प्रमुखों, प्रदेश प्रतिनिधियों और समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, तन्मयता और सामाजिक समरसता के साथ निभाएंगे। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी उन्होंने व्यक्त किया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, इष्टमित्रों और शुभचिंतकों ने डॉ. वर्मा को बधाइयों की बौछार की। सभी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कायस्थ समाज मुंगेली में और अधिक संगठित एवं सशक्त बनेगा।
डॉ. संजय वर्मा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं और समाजसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय रहा है। उनकी नियुक्ति से समाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

