मुंगेली— भीषण गर्मी के बीच एंड्रूज वार्ड में उत्पन्न जल संकट को लेकर पार्षद रोशन सोनी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गर्मी के मौसम में वार्डवासियों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से पाइपलाइन फटने के कारण वार्ड में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा। समस्या की गंभीरता को देखते हुए पार्षद रोशन सोनी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जल प्रभारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से संपर्क कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। पार्षद की पहल के बाद संबंधित विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और पाइपलाइन मरम्मत कार्य तेज गति से कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और जल्द ही जल आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। पार्षद रोशन सोनी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी के दौरान जल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। वहीं, वार्डवासियों ने त्वरित पहल और समस्या के समाधान के लिए पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।



















































