मुंगेली– जिला मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत नवागांव (घुठेरा) में प्रधानमंत्री मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत एक विशेष जनजागरूकता एवं पंजीयन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत के सरपंच नारायण साहू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रधानमंत्री मुक्त बिजली योजना की जानकारी देना तथा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाना रहा। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के अंतर्गत कैसे घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त या रियायती बिजली का लाभ मिलेगा, साथ ही आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सरपंच नारायण साहू ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना गरीब, किसान एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सदैव जनता के हित में योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं और बिजली से संबंधित शिकायतों के निराकरण का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव के लोगों को सरकारी योजनाओं की सही और स्पष्ट जानकारी मिलती है। पंचायत द्वारा उपस्थित सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।



















































