मुंगेली— नगर पालिका परिषद मुंगेली के अंतर्गत रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पोलियो दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न वार्डों में शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य नगर क्षेत्र को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाना तथा आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप वार्ड के पार्षद कुलदीप पाटले, राजेन्द्र वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रवि कोशले, विवेकानंद वार्ड की पार्षद अर्चना सत्तू देवांगन सहित पार्षद मोहन मल्लाह, अरविंद वैष्णव, अमितेश आर्य एवं राजेश नामदेव ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों में पहुंचकर बच्चों को स्वयं पोलियो ड्रॉप पिलाए तथा अभिभावकों से इस अभियान में सहयोग की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान अत्यंत आवश्यक है। समय पर पोलियो ड्रॉप पिलाने से बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है और समाज स्वस्थ दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह राष्ट्रीय अभियान तभी सफल हो सकता है जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए। अभियान की सफलता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों को पोलियो ड्रॉप के महत्व के प्रति जागरूक किया और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी पात्र बच्चा ड्रॉप से वंचित न रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे समर्पण भाव से कार्य करते हुए बच्चों को सुरक्षित रूप से पोलियो ड्रॉप पिलाया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। अभिभावकों ने बच्चों को बूथों तक लाकर पोलियो ड्रॉप पिलवाए और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने नगरवासियों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहकर अपने बच्चों को समय पर पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाएं तथा नगर को पोलियो मुक्त बनाने में सहयोग करें।




















































