मुंगेली — जिले में रजक (धोबी) समाज द्वारा वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 29 मार्च 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से सामुदायिक भवन, स्थल कोदवा रोड, त्रिलोक धाम मंदिर के पास दाऊपारा मुंगेली में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना, आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करना है। साथ ही इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
सम्मेलन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, वहीं कई विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन, समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान, प्रतिभाओं का सम्मान एवं समाज के उत्थान को लेकर चर्चा जैसे विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। समाज के पदाधिकारियों द्वारा शिक्षा, रोजगार, सामाजिक एकता, नशामुक्ति एवं युवाओं को आगे बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे जाएंगे।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि इस प्रकार के आयोजन समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
रजक (धोबी) समाज जिला मुंगेली के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन न केवल एक औपचारिक आयोजन है, बल्कि समाज के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संवाद और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया जाएगा।
आयोजन समिति ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं समाजजनों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन ने दिया।





















































