11 सूत्रीय मांगों को लेकर 124 संगठनों ने आगर क्लब मैदान में किया जोरदार प्रदर्शन

मुंगेली– छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर निश्चितकालीन आंदोलन का प्रथम दिवस आज आगर क्लब मैदान में शांतिपूर्ण एवं संगठित रूप से संपन्न हुआ। इस आंदोलन में जिले सहित विभिन्न विभागों के 124 कर्मचारी संगठनों ने भाग लेकर सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा। आंदोलन को संबोधित करते हुए जिला संयोजक जे. एस. ध्रुव ने कहा कि फेडरेशन द्वारा प्रस्तुत 11 सूत्रीय मांगें समस्त विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हित में हैं, जिन्हें मोदी की गारंटी के तहत शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने मांगों के औचित्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की जायज मांगों की उपेक्षा की जा रही है। जिला उपसंयोजक बिंदु भास्कर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आंदोलन निश्चितकालीन है, किंतु यदि सरकार ने शीघ्र 11 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया। सहसंयोजक रामकृष्ण वैष्णव ने अपने उद्बोधन में विश्वास जताया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेकर अवश्य पूरा करेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार नवरंग ने कहा कि फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगें किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि राज्य के समस्त विभागों के कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं, जिन्हें सरकार को तत्काल मोदी की गारंटी के अंतर्गत पूरा करना चाहिए। फेडरेशन संरक्षक सईद खान ने अपने वक्तव्य में कहा कि पूर्व में अर्जुन सिंह एवं दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में एक बार के आंदोलन से ही कर्मचारियों की मांगें पूरी हो जाती थीं, लेकिन वर्तमान समय में कर्मचारियों को अपने मौलिक अधिकारों के लिए भी आंदोलन करना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है। इसके पश्चात विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्षों, तहसील अध्यक्षों एवं सचिवों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रमुख रूप से सहसंयोजक नारायण भास्कर, फेडरेशन कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, नगरीय निकाय प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कर्मचारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अश्मनी बंजारे, सचिव संघ जिला अध्यक्ष योगेश साहू, संयुक्त प्रधान पाठक संघ जिला अध्यक्ष दिनेश निर्मलकर, जिला प्रवक्ता फूलचंद यादव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुशीला घृतलहरे, सरिता गुप्ता, तहसील फेडरेशन अध्यक्ष डी. एल. भास्कर, रामसिंह राजपूत, जे. पी. साहू, पी. एल. दिवाकर, अरविंद शर्मा, प्रभात तिवारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन फेडरेशन जिला प्रवक्ता अत्रि प्रताप सिंह द्वारा किया गया। आंदोलन को लेकर कर्मचारियों में उत्साह एवं एकजुटता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।





















































