मुंगेली। ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) के सरपंच नारायण साहू ने शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की लगातार अनुपस्थिति को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया है।
ग्राम पंचायत नवागांव में शासकीय प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला तथा हाई स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में पदस्थ शिक्षक अधिकांश दिनों में अवकाश पर रहते हैं। जब अवकाश के संबंध में जानकारी ली गई तो पता चला कि शिक्षक विभिन्न कारणों से लगातार छुट्टी पर हैं। सरपंच ने पत्र में कहा है कि वार्षिक परीक्षाएं निकट हैं, ऐसे समय में शिक्षकों की अनुपस्थिति से विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। शासन-प्रशासन की शिक्षा संबंधी नीतियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बच्चों का शैक्षणिक स्तर गिरने की आशंका व्यक्त की गई है। ग्राम पंचायत की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की गई है कि नवागांव के सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शिक्षा स्तर में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित करने के लिए क्या पहल की जाती है।



















































