मुंगेली। लंबे समय से कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष को लेकर चल रही चर्चाओं पर आज विराम लग गया। आज सुबह जैसे ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर अध्यक्षों की सूची जारी की गई, मुंगेली शहर से दीपक गुप्ता को कांग्रेस कमेटी का शहर अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा हुई। इस घोषणा के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
नियुक्ति की खबर मिलते ही कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ खुशी जाहिर की। इसी क्रम में जब नवनियुक्त शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता मुंगेली पहुंचे, तो नया बस स्टैंड क्षेत्र में जग्गू ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य आतिशबाजी करते हुए जोरदार स्वागत किया। स्वागत समारोह में कांग्रेस पार्टी के झंडे लहराते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर दीपक गुप्ता का उत्साहवर्धन किया। इसके पूर्व दीपक गुप्ता ने नया बस स्टैंड स्थित नेहरू चौक पहुंचकर पं. जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह दायित्व उन्हें मुंगेली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा,
“मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। पार्टी को मजबूत करना, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना मेरी प्राथमिकता होगी।”
दीपक गुप्ता ने आगे कहा कि शहर में हो रहे भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को लेकर कांग्रेस पूरी मजबूती से आवाज उठाएगी और भारतीय जनता पार्टी की गलत नीतियों का सशक्त विरोध किया जाएगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर संगठन हित में कार्य करने का आह्वान किया। स्वागत एवं कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जवाहर वार्ड पार्षद मकबूल खान, सूरज मंगलानी, टीपू खान, गोलू सेन, दीपक देवांगन सहित कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दीपक गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास जताया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने दीपक गुप्ता के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस पार्टी की मजबूती का संकल्प लिया। पूरे शहर में कांग्रेस की इस नियुक्ति को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।























































