मुंगेली— पीसीपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में विकासखण्ड लोरमी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बंधवा में राष्ट्रीय बालिका दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा समाज में जागरूकता लाना रहा।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं कविता लेखन प्रतियोगिता शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व विचारों के माध्यम से बालिका सशक्तिकरण का संदेश दिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया गया। आयोजन में मुख्य रूप से डॉ. शीला साहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला मुंगेली, जितेन्द्र कुमार तंवर, प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, डॉ. जी. एस. दाऊ, बीएमओ लोरमी, डॉ. कमलेश कुमार खैरवार, नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी, श्री गोपाल लांजी, महिला एवं बाल विकास विभाग, डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे, आरएमएनसीएचए सलाहकार जिला मुंगेली, श्रीमती सरस्वती बघेल सहित समस्त अध्यापकगण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं सशक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।




















































