मुंगेली— नगर के काली माई वार्ड निवासी विजेन्द्र दीक्षित कारेसरा वाले के बड़े पुत्र स्वर्गीय तारकेश्वर दीक्षित के निधन पर संपूर्ण समाज में शोक की लहर व्याप्त है। रविवार की रात्रि 07 बजे ब्राह्मणपारा स्थित श्रीराम चरित मानस प्रवचन समिति, मुंगेली द्वारा सामूहिक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विप्रजनों सहित समाज के सभी वरिष्ठजनों, युवाओं एवं परिचितों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर की गई। मंच संचालन का दायित्व रूद्रमणि उपाध्याय ने निभाया। इस दौरान मोहन उपाध्याय, हरीश उपाध्याय एवं छत्रपाल उपाध्याय सहित कई वरिष्ठजनों ने अपने उद्बोधन के माध्यम से पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि “इस संसार में जो आया है उसे जाना भी है, परंतु तारकेश्वर जैसे सदाशयी, मिलनसार एवं संस्कारी युवा का इतनी कम आयु में स्वर्गवास होना पूरे परिवार व समाज के लिए अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से समाज का एक उभरता हुआ रत्न हम सबको छोड़कर चला गया। पूरा समाज इस घटना से अत्यंत स्तब्ध और दुखित है।” समाज के अनेक साथियों ने दिवंगत तारकेश्वर दीक्षित के सरल, सौम्य एवं हंसमुख स्वभाव को याद करते हुए कहा कि वह सदैव सभी की मदद के लिए तत्पर रहते थे तथा अपने व्यवहार से सभी को जोड़कर रखते थे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को स्मरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान श्रीराम चरित मानस प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों एवं पीड़ित परिवार ने भावपूर्वक सहभागी होकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। आभार प्रदर्शन ओमप्रकाश दीक्षित द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के सदस्य, मित्रगण, हितैषी एवं स्थानीयजन सम्मिलित हुए और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की।




















































