फास्टरपुर—शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई से 11वीं कक्षा के छात्र एवं एनएसएस स्वयंसेवक कोमल साहू का चयन राज्य स्तरीय सात दिवसीय विशेष शिविर के लिए किया गया है। यह शिविर 22 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक शासकीय दाऊ कल्याण सिंह महाविद्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुंगेली जिले के एनएसएस संगठक प्रो. एन.के. पुरले ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय विशेष शिविर के लिए पूरे प्रदेश से कुल 31 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। चयनित स्वयंसेवकों में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर से एनएसएस स्वयंसेवक कोमल साहू को शामिल किया गया है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है। कोमल साहू के चयन से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामबाबू मिश्र ने कोमल साहू को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय की प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन विद्यालय एवं एनएसएस इकाई की सक्रियता और विद्यार्थियों की सेवा भावना का प्रमाण है। विद्यालय परिवार ने कोमल साहू को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं और आशा जताई है कि वे राज्य स्तरीय शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।



















































