मुंगेली। ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) में राशन कार्ड पुस्तिका की कमी को लेकर हितग्राहियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में गांव के सरपंच नारायण साहू द्वारा आज जनदर्शन सभाकक्ष में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द राशन कार्ड पुस्तिका उपलब्ध कराने की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नवागांव में लगभग 720 राशन कार्डधारी हैं, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत हितग्राहियों के राशन कार्ड भर चुके हैं। वहीं नए राशन कार्ड बनवाने पर जनपद पंचायत से केवल पीडीएफ ही उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही हैं। गांव के सरपंच नारायण साहू ने बताया कि पिछले अप्रैल माह से जनपद पंचायत मुंगेली एवं जिला खाद्य शाखा से लगातार राशन कार्ड पुस्तिका की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उपलब्धता नहीं हो पाई है। इस कारण से राशन कार्डधारियों को अपने हक के राशन लेने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द राशन कार्ड पुस्तिका उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।



















































