मुंगेली —- जिला मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत नवागांव (घु) में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की गई। यह अभियान तहसीलदार मुंगेली के नेतृत्व में, मुंगेली पुलिस की उपस्थिति में शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हुआ। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे तथा सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया, साथ ही वर्षों से जमा घुरवा (कचरा एवं गोबर के ढेर) को भी साफ कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नवागांव (घु) द्वारा पूर्व में ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई लोगों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। अभियान के दौरान प्रशासनिक अमले ने जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, झोपड़ियां एवं अन्य अवैध निर्माणों को हटाया। इसके साथ ही सार्वजनिक उपयोग की भूमि, नाली एवं मार्गों को भी पूरी तरह से साफ कराया गया, जिससे आवागमन में आने वाली बाधाएं समाप्त हो सकें। तहसीलदार ने बताया कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायत के प्रस्ताव एवं उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
मुंगेली पुलिस की मौजूदगी के कारण पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा न करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। इस अभियान के बाद ग्राम नवागांव (घु) में सड़कें साफ-सुथरी नजर आईं और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांव का वातावरण स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनेगा। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर गांव के सरपंच नारायण साहू सहित पंचगण मौजूद रहे।



















































