
मुंगेली – जिले की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 04 जून की देर रात खुद सड़क पर उतरकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई गश्त प्वाइंट्स, पुलिस चौकियों और ड्यूटी स्थलों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिटी कोतवाली मुंगेली के थाना प्रभारी द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर गश्त ड्यूटी नहीं लगाने की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभाव से शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। इसी क्रम में एसपी पटेल ने लोरमी शहर में थाना, गश्त पाईंट, सेक्टर और जोनल अधिकारियों की ड्यूटी का भी निरीक्षण किया। वहाँ प्र.आर. लिलक साहू, आरक्षक दिलेश्वर साहू और जितेन्द्र ठाकुर को गश्त पर मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए पाया गया। साथ ही सेक्टर पुलिस अधिकारी सउनि मनकराम ध्रुव एवं जोनल अधिकारी उप निरीक्षक लक्ष्मण खुंटे को ड्यूटी पर संतोषजनक कार्य करते देख नगद ईनाम देकर सम्मानित किया गया। एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि जिले की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना/चौकी प्रभारियों को सतत गश्त, पेट्रोलिंग करने, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वालों से सख्ती से पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस जवानों को आम जनता के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने, उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।


