मुंगेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला-मुंगेली (छत्तीसगढ़) अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर दी गई है। जिला स्तरीय चयन समिति के निर्णय के तहत यह कार्रवाई अपरिहार्य कारणों से की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत चयन समिति के अनुमोदन से जिले में 21 विभिन्न पदों के कुल 84 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 05 फरवरी 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इन पदों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी। भर्ती प्रक्रिया के दौरान 20 फरवरी 2026 को कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, जूनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट एवं सेक्रेटेरियल असिस्टेंट पदों की संख्या में वृद्धि के संबंध में शुद्धिपत्र भी जारी किया गया था। हालांकि, जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार उक्त समस्त संविदा भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे आगामी सूचना के लिए कार्यालयीन वेबसाइट एवं सूचना पट्ट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।



















































