मुंगेली— नवरात्र महापर्व के अवसर पर जिलेभर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के देवांगन समाज जिलाध्यक्ष द्वारा अष्टमी के पावन पर्व पर विशेष आयोजन किया गया। देवांगन समाज के जिला अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आनंद देवांगन ने नव कन्याओं का पूजन कर उन्हें कन्या भोज कराया और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। आनंद देवांगन ने कहा कि कन्या पूजन और भोज नवरात्रि का प्रमुख हिस्सा है। माँ दुर्गा के नौ रूपों का आह्वान कर जब हम कन्याओं का पूजन करते हैं, तब समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नए उत्साह का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज में शांति और समृद्धि रहेगी तो समाज के युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे और समाज का नाम पूरे प्रदेश व देश में रोशन करेंगे। इस अवसर पर समाज के लोग मौजूद रहे और धार्मिक भावना के साथ कन्या भोज में सहभागी बने। नव कन्याओं को तिलक कर, चरण धोकर और उन्हें पुष्प अर्पित कर भोजन कराया गया। इस मौके पर समाज के वरिष्ठजनों ने भी नवरात्र पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत और आस्था का प्रतीक है। अध्यक्ष आनंद देवांगन ने जिलेवासियों को आगामी विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा का पर्व हमें यह सीख देता है कि सत्य और धर्म की राह पर चलने वाला व्यक्ति कभी पराजित नहीं होता। कार्यक्रम का माहौल पूर्णतः धार्मिक, श्रद्धापूर्ण और उत्साह से भरा रहा। कन्याओं के पूजन और भोज के साथ ही माता रानी के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन मुंगेलिहा ने दिया।





















































