समाज में एकरूपता व आध्यात्मिक चेतना का दिया संदेश

मुंगेली— नगर पालिका के अंतर्गत काली माई वार्ड में रविवार को ब्राम्हण पारा मुंगेली में सनाढ्य ब्राम्हण समाज मुंगेली के तत्वावधान में श्रीरामचरितमानस प्रवचन कथा का आयोजन रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन प्रत्येक माह के दो रविवार को समाज के सभी विप्रगणों एवं उनके परिवारजनों के लिए नियमित रूप से किया जाता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकरूपता को बढ़ावा देना है, जिससे समाज के प्रत्येक व्यक्ति का चहुमुखी विकास सुनिश्चित हो सके। प्रवचन के दौरान कथा वाचक विजेन्द्र दीक्षित ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि मन को ईश्वर के चरणों में समर्पित कर दिया जाए तो जीवन के समस्त दुखों का अंत निश्चित रूप से हो जाता है। उन्होंने रामकथा के माध्यम से भक्ति, विश्वास और संयम का महत्व समझाया। वहीं रुद्रमणि उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सच्चे मन और श्रद्धा भाव से रामकथा का श्रवण करने मात्र से ही व्यक्ति के सभी मनोरथ पूर्ण हो जाते हैं। रामकथा जीवन को सही दिशा प्रदान करती है और मन को शांति देती है। कथा के विश्राम अवसर पर सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें मोहल्ले के सभी नागरिकों की उत्साहपूर्वक उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समाजजनों का भरपूर सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ हुआ।



















































