साहू समाज संगठन को मिली नई ऊर्जा

मुंगेली —जिला साहू संघ मुंगेली के जिलाध्यक्ष पुहुप साहू के मार्गदर्शन में तहसील साहू संघ को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। तहसील साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. लेखू राम साहू की अनुशंसा पर तथा साहू समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं की सर्वसम्मति से रवि साहू को तहसील साहू संघ युवाप्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की घोषणा होते ही साहू समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं पदाधिकारियों ने रवि साहू को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवाप्रकोष्ठ और अधिक सक्रिय, संगठित एवं समाजहित में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उल्लेखनीय है कि रवि साहू इससे पूर्व नगर साहू संघ युवाप्रकोष्ठ अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने संगठनात्मक क्षमता, अनुशासन एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए युवाओं को एकजुट करने का सफल प्रयास किया। उनके कार्यकाल में युवाओं की भागीदारी बढ़ी, सामाजिक कार्यक्रमों को नई दिशा मिली और संगठन को मजबूती प्राप्त हुई। रवि साहू की कार्यशैली को देखते हुए समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें तहसील स्तर पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। समाजजनों का मानना है कि उनके नेतृत्व में युवाप्रकोष्ठ शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता, सेवा कार्यों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएगा तथा साहू समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहयोग करेगा।
नवनियुक्त तहसील साहू संघ युवाप्रकोष्ठ अध्यक्ष रवि साहू ने समाज के सभी वरिष्ठजनों एवं युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो विश्वास समाज ने उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर समाज के अनेक वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में संगठन को मजबूत करने और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।



















































