रायपुर— देवांगन समाज द्वारा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय युवक–युवती परिचय सम्मेलन एवं उत्कृष्ट सम्मान समारोह 2025 का आयोजन आज भव्य रूप से किया जा रहा है। यह आयोजन रायपुर के सत्यम विहार कॉलोनी स्थित मां परमेश्वरी भवन में संपन्न होगा। सम्मेलन को लेकर समाज में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिल रहा है।
आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस परिचय सम्मेलन में प्रदेशभर से 100 से अधिक युवक–युवतियों का पंजीयन हो चुका है। पंजीकृत युवक–युवतियां विभिन्न जिलों से सम्मेलन में भाग लेने रायपुर पहुंच रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य समाज के योग्य, शिक्षित एवं संस्कारवान युवक–युवतियों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि पारिवारिक एवं सामाजिक समन्वय के साथ वैवाहिक संबंध स्थापित हो सकें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश देवांगन समाज के अध्यक्ष श्री प्रदीप देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर जिला देवांगन समाज के अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद देवांगन करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश महिला देवांगन कल्याण समाज की अध्यक्ष श्रीमती किरण देवांगन भी शामिल होंगी। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में युवक–युवतियों की जानकारी को सुव्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे अभिभावकों को पारस्परिक संवाद और निर्णय लेने में सुविधा होगी। इसके साथ ही समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों का उत्कृष्ट सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिससे समाज में प्रेरणा और सकारात्मक संदेश का संचार हो सके। देवांगन समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मां परमेश्वरी की असीम कृपा से समाज के 13 राज, 8 मंडल एवं 8 प्रकोष्ठों के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन लगातार सफलतापूर्वक किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सम्मेलन को सुव्यवस्थित, अनुशासित और पारदर्शी तरीके से आयोजित किया गया है।
समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने इस आयोजन को सामाजिक एकता, संस्कार और परंपरा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजजन, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजक समिति ने देवांगन समाज के समस्त स्वजातीय बंधुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह जानकारी देवांगन समाज प्रदेश मीडिया प्रभारी कोमल देवांगन मुंगेलिहा ने दिया।




















































