केवल कागजों में ही सिमटा, जमीनी स्तर पर नहीं दिखा कार्य – समाज तालाबंदी के लिए जल्द करेंगे तारीख की घोषणा

मुंगेली— नगर के बीचों-बीच प्रस्तावित माता परमेश्वरी चौक का निर्माण अब तक अधर में लटका हुआ है। देवांगन समाज द्वारा लंबे समय से नगर पालिका को लिखित आवेदन, निवेदन एवं अधिकारियों से मुलाकातों के बावजूद भी कार्य केवल कागजों में प्रारंभ होकर रह गया है। जमीनी स्तर पर अब तक कोई उल्लेखनीय प्रगति दिखाई नहीं दे रही, जिससे समाज में गहरी नाराजगी व्याप्त है। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि माता परमेश्वरी चौक पर मूर्ति स्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए नगर पालिका प्रशासन को कई बार प्रस्ताव सौंपा गया है। विगत माह समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर से भेंट कर तत्काल कार्य प्रारंभ करने की मांग की थी। तब अधिकारियों की ओर से कार्य शीघ्र शुरू करवाने का आश्वासन दिया गया था। परंतु महीने बीत जाने के बाद भी वास्तविक स्थिति में कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा है।
तालाबंदी की चेतावनी भी बेअसर
देवांगन समाज ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यदि चौक निर्माण कार्य में देरी की गई तो नगर पालिका का घेराव एवं तालाबंदी की जाएगी। चेतावनी के बावजूद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई गंभीर पहल न होते देख समाज के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। समाजिक पदाधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस विषय पर एक ज्ञापन कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जाएगा तथा आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार किया जा रहा है।
समाज के लिए आस्था और सम्मान का विषय
समाजजनों का मानना है कि माता परमेश्वरी देवांगन समाज की आराध्य देवी हैं और चौक निर्माण उनके सम्मान एवं समाज की पहचान से जुड़ा मामला है। नगर में समाज की एकता व पहचान को मजबूती देने के लिए यह चौक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए इसकी अनदेखी किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
समाज के लोगों ने नगर पालिका से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य शुरू होकर समय सीमा में पूरा हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि प्रशासन अब भी उदासीन रहा, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।



















































