मुंगेली— नगर के पुराना बस स्टैंड स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित श्री हरिहर शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ एवं स्वर्गीय श्रीमती चंद्रिका देवांगन के वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम के अंतर्गत आज कथा का तीसरा दिन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के प्रथम दिन से ही पूरा परिसर शिवमय वातावरण में रंगा हुआ है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा व्यास पंडित कमलकांत चौबे ने अपने ओजस्वी, सरल एवं संगीतात्मक प्रवचनों के माध्यम से शिव भक्ति की अमृतमयी धारा प्रवाहित की। उन्होंने “एक लोटा जल, सभी समस्याओं के हल और सच्ची श्रद्धा से भगवान शिव सभी कष्टों का निवारण करते हैं” विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव भक्ति जीवन की समस्त समस्याओं का समाधान है। कथा के दौरान भजनों और संगीतमय प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया, जिससे श्रोता झूमते और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। पांच दिवसीय यह भव्य धार्मिक आयोजन स्वर्गीय श्रीमती चंद्रिका देवांगन की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया जा रहा है। कथा के पहले दिन वेदी पूजन, शिव महापुराण श्रवण विधि एवं महात्म्य कथा का सुंदर वर्णन किया गया। वहीं दूसरे दिन कल्याण प्रताप के साधन विषय पर प्रेरणादायी कथा सुनाई गई। आज तीसरे दिन नारद मोह की रोचक एवं शिक्षाप्रद कथा का वर्णन किया गया, जिसमें पंडित कमलकांत चौबे ने बताया कि अहंकार और मोह किस प्रकार मनुष्य को भ्रमित कर देता है तथा सच्ची भक्ति ही जीवन का वास्तविक मार्ग है। कथा से उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में विनम्रता, संयम और भक्ति का संदेश प्राप्त हुआ।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा के चौथे दिन 24 दिसंबर को सती जन्म, शिव विवाह, ब्राह्मणों के प्रयास एवं पार्वती जन्म जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। वहीं 25 दिसंबर को पार्वती विवाह प्रसंग के साथ शिव महापुराण कथा का विधिवत समापन होगा। इसके पश्चात 26 दिसंबर को स्वर्गीय श्रीमती चंद्रिका देवांगन के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर ब्राह्मण भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालु सहभागी बन सकेंगे। आयोजन समिति की ओर से रामदत्त देवांगन ने नगरवासियों एवं समीपवर्ती ग्रामीण अंचलों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्री हरिहर शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का पुण्य लाभ लेने की अपील की है। इस दौरान जगदीश देवांगन, मंजू देवांगन, घनश्याम देवांगन, मीत देवांगन, अमन, मोनिका, ऋषिका, तनवी, अवि सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन द्वारा दी गई।























































