मुंगेली — स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा निरंतर स्वच्छता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 12 नवापारा तालाब परिसर में भव्य सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तालाब से जलकुंभी की निकासी, सभी पचरी की सफाई तथा तालाब के चारों ओर फैली घास व झाड़ियों की कटाई का कार्य किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने स्वयं अभियान में शामिल होकर जनमानस को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छ जल, स्वच्छ तालाब और स्वच्छ पर्यावरण हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक धरोहर है।” अध्यक्ष शुक्ला ने आगे कहा कि नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने तालाबों को संरक्षित करने और नियमित रूप से सफाई कराने की प्रतिबद्धता भी जताई। अभियान में वार्ड पार्षद संजय चंदेल, अजय साहू, विजय बंजारा, रामकिशोर देवांगन, अरविंद वैष्णव एवं सत्येन्द्र परिहार ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित नगर पालिका के कर्मचारी, वार्डवासी एवं आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से संदेश दिया कि नगर की स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखे तो शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाया जा सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आम नागरिकों से अपील की कि वे तालाबों और सार्वजनिक स्थलों में गंदगी न फैलाएँ तथा स्वच्छता के कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल तालाबों का सौंदर्य बढ़ता है, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण से स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है।
मुंगेली नगर पालिका की यह पहल नगरवासियों में जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ भारत मिशन के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।



















































