भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन में हुआ दायित्व विस्तार, मीडिया-आईटी व सोशल मीडिया में नई नियुक्तियाँ

मुंगेली– भारतीय जनता पार्टी मुंगेली जिला संगठन में संगठनात्मक विस्तार के तहत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय की अनुमति उपरांत जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने क्रमशः मीडिया, सोशल मीडिया एवं आईटी सेल में पदों का वितरण किया। जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार रामशरण यादव (मुंगेली) को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं सह मीडिया प्रभारी के रूप में विश्वास दुबे (लोरमी) को दायित्व दिया गया है। इसी प्रकार सोशल मीडिया प्रकोष्ठ में अशोक निर्मलकर (पथरिया) को जिला सोशल मीडिया संयोजक और देवेंद्र केशरवानी (लोरमी) को सह प्रभारी पद की जिम्मेदारी प्रदान की गई है। आईटी सेल के जिला संयोजक के रूप में मुकेश रोहरा (मुंगेली) तथा सह संयोजक के तौर पर महेंद्र गुप्ता (पथरिया) की नियुक्ति की गई है।
संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान
नई जिम्मेदारियों को लेकर जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी सेल संगठन की गतिविधियों को जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण कड़ी है। डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए इन प्रकोष्ठों की भूमिका और अधिक सशक्त एवं परिणामकारी हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के योगदान से संगठन की गतिविधियाँ और भी सक्रिय एवं प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुँचेंगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जताया आभार
नए पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं जिला संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी प्रदान की गई है, उसे वे पूर्ण समर्पण, निष्ठा तथा संगठन के मूल्यों के अनुरूप निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे बूथ स्तर तक डिजिटल पहुँच को मजबूत कर भाजपा की जनहितैषी योजनाओं एवं विचारधारा को व्यापक रूप से प्रसारित करेंगे। संगठन से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि आगामी विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भूमिका देखने को मिलेगी।





















































