मुंगेली- जिले के ग्राम रिवापार में यादव समाज जिला मुंगेली द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समाज प्रमुखों एवं यादव बंधुओं की उपस्थिति रही। बैठक में शिक्षा के स्तर को सुधारने, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक संगठन को मजबूत करने, आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने तथा व्यापार के क्षेत्र में समाज की भागीदारी को बढ़ाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने समाज की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करते हुए भविष्य की रणनीतियों पर भी अपने विचार रखे।
इस दौरान यादव समाज के वरिष्ठ एवं जिला उपाध्यक्ष संजय यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक शिक्षा ग्रहण करने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की अपील की। साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहकर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण के लिए समाज के लोगों को व्यापार एवं स्वरोजगार की ओर बढ़ना चाहिए, जिससे समाज आत्मनिर्भर बन सके। सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों ने भी अपने विचार साझा करते हुए समाज के समग्र विकास के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में समाज प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में यादव बंधु उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम सफल एवं सार्थक रहा। इस अवसर पर बड़ी सँख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।



















































