मुंगेली— पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और सेवन में लिप्त 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा गांजा, ब्राउन शुगर, अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं सेवन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170, 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियों और अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों की जानकारी मिल रही थी। बीट प्रणाली के माध्यम से इन पर नजर रखी जा रही थी। 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल खरसायन, सुनील शिवारे, श्यामू कोसले, अमोन मसीह, रामू कोसले, करण लहरे, शिव यादव, पवन सोनकर, जय साहू, सतीश ठाकुर, गुलशन सिंह ठाकुर, दिवी पाठक, सूर्याश सिंह ठाकुर, अवि उर्फ लक्की पाठक, गिरीश ठाकुर, विजय सारथी, सूरज देवांगन एवं संजय पांडेय शामिल हैं।
नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि नशा समाज के लिए अत्यंत घातक है। यह न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज में अपराध को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने और सुरक्षित भविष्य बनाने का आग्रह किया।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशा या असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















































