कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में होगा वर्चुअल कार्यक्रम

मुंगेली— जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में 17 अप्रैल को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) अंतर्गत स्वीकृत सड़कों का वर्चुअल शिलान्यास एवं शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों में बनने वाली सड़कों का। औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
ईई पीएमजीएसवाय सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में फेस 4 के तहत जिले के लोरमी एवं मुंगेली विकासखंडों के विभिन्न गांवों में कुल 6 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 9.65 किलोमीटर है। इन सड़कों के निर्माण पर लगभग 9.41 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिसमें निर्माण एवं मेंटेनेंस लागत शामिल है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच में सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जशपुर से सड़कों के शिलान्यास का सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


















































