
मुंगेली। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा 12 मई, रविवार को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर ‘गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान’ का आयोजन पूरे देशभर में एक साथ सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संपन्न हुआ। इस विशेष अभियान में मुंगेली जिले के श्रद्धालुओं ने भी श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
जिले में युवा शाखा डिवाइन ग्रुप दिया, लोरमी मंडल के नेतृत्व में अनेक स्थानों पर यज्ञ आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। ग्राम औराबांधा सहित आसपास के गांवों में भी श्रद्धालुओं ने राष्ट्र और विश्व कल्याण हेतु आहुति प्रदान की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, सैन्य शक्ति संवर्धन, सकारात्मक ऊर्जा वृद्धि और वातावरण के परीशोधन जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों को ध्यान में रखकर यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला संयोजक गंगाराम साहू ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा न केवल भगवान बुद्ध की जयंती का दिन है, बल्कि यह ज्ञान, सेवा और सत्य के संदेशों से भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि “यज्ञ एक ऐसा आध्यात्मिक अनुष्ठान है जो न केवल आत्मिक शांति प्रदान करता है, बल्कि वातावरण को भी शुद्ध करता है।”
कार्यक्रम में सक्रिय योगदान देने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं में सहसंयोजक केदार राजपूत, रघुनंदन साहू, नोहर साहू, डॉक्टर दुर्गा कश्यप, सोनम, गायत्री प्रसाद साहू, नोहर प्रसाद, गोकुल साहू, वर्षा कश्यप, संदीप साहू (औराबांधा), धनंजय साहू, भानु साहू, विनय कश्यप (बैगा कापा), हृदय राम कश्यप, बोधी राम साहू, संजू निषाद (देवरहट), भैया लाल पटेल, प्रतिमा पटेल, तन्मय पटेल (अमली कापा), रंजीत गढ़ेवाल, कृष्णा साहू, महेंद्र राजपूत, विष्णु साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही।
गायत्री परिवार की वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डिवाइन ग्रुप दिया ने एक बार फिर अपने सेवा भाव और संगठन क्षमता का परिचय दिया। जिले में आयोजित यह महायज्ञ निश्चित रूप से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।

