मुंगेली— संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर 18 दिसंबर को ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में सामाजिक समरसता, स्वच्छता और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच एवं समाज के पंचों , उपसरपंचों के नेतृत्व में गांव के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान की शुरुआत बाबा गुरु घासीदास जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पण एवं उनके संदेशों के स्मरण के साथ की गई। इसके पश्चात सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणजनों ने हाथों में झाड़ू लेकर गांव की सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। अभियान के दौरान गांव के मुख्य चौक, सार्वजनिक रास्तों एवं आसपास के इलाकों में फैले कचरे को हटाया गया तथा लोगों को नियमित सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर ग्राम पंचायत के सरपंच नारायण साहू ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी ने “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश देकर समाज को समानता, भाईचारे और नैतिक जीवन की राह दिखाई। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता को अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सभी लोग सक्रिय भागीदारी निभाएं। उपसरपंच भिखम अनंत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखे तो गांव स्वतः स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है। पंचगणों ने भी स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। स्वच्छता अभियान में पंचगण नरेन्द्र टोन्डे, घनश्याम रात्रे, अनिल भास्कर, रिंकू टोन्डे, सरोज टोन्डे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत द्वारा सभी ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने एवं प्लास्टिक के उपयोग से बचने की शपथ दिलाई गई। बाबा गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर आयोजित यह स्वच्छता अभियान ग्राम नवागांव घुटहेरा में सामाजिक चेतना और जनसहभागिता का सशक्त संदेश बनकर उभरा।




















































