रविवार की सुबह कलश यात्रा के साथ कथा होगी शुरू

मुंगेली — नगर में धर्म, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित श्री हरिहर शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार 21 दिसंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ किया जा रहा है। यह पावन धार्मिक आयोजन स्वर्गीय श्रीमती चंद्रिका देवांगन की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कलश यात्रा बलानी चौक स्थित जगदीश देवांगन के निवास से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए शंकर मंदिर एवं मां महामाया के दर्शन उपरांत सामुदायिक भवन, पुराना बस स्टैंड, मुंगेली पहुंचेगी। यात्रा के दौरान महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में मंगल गीत, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ नगर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित करेंगी। कलश यात्रा के पश्चात वेदी पूजन एवं शिव महापुराण कथा का विधिवत शुभारंभ होगा। श्री हरिहर शिव महापुराण कथा का आयोजन 21 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 01 बजे से प्रभु की इच्छा तक सामुदायिक भवन में किया जाएगा। कथा का संगीतमय एवं भावपूर्ण वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री कमलकांत चौबे (किरना वाले) द्वारा किया जाएगा, जो अपने ओजस्वी कथा वाचन के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं।
कथा क्रम के अनुसार
22 दिसंबर – कल्याण प्रताप का साधन
23 दिसंबर – नारद मोह प्रसंग
24 दिसंबर – सती जन्म, शिव विवाह एवं पार्वती जन्म
25 दिसंबर – पार्वती विवाह प्रसंग
का विस्तारपूर्वक वर्णन किया जाएगा।
वहीं 26 दिसंबर को स्वर्गीय श्रीमती चंद्रिका देवांगन के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर ब्राह्मण भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त श्रद्धालु सहभागी बन सकेंगे। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान जगदीश देवांगन एवं श्रीमती रजनी देवांगन हैं। आयोजन समिति के सदस्य रामदत्त देवांगन ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, शांति और सद्भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु घनश्याम देवांगन, मीत देवांगन, अमन, मोनिका, रिषिका, तनवी एवं अवि सहित अन्य सहयोगियों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर में कलश यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। यह जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन, मुंगेली द्वारा दी गई।






















































