मुंगेली— समाज में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार या दिखावे के अपने व्यवहार, कर्म और सेवा भावना से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना लेते हैं। ऐसे ही व्यक्तित्व हैं दिनेश उर्फ बल्ला, जो श्री राम भक्त सेवा के अध्यक्ष, साहू संघ मुंगेली के परी क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा जिला जनसंपर्क विभाग में वाहन चालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दिनेश उर्फ बल्ला केवल किसी पद या जिम्मेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सादगी, सहजता, परिश्रम और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण हैं। उनका व्यवहार इतना आत्मीय और सरल है कि जो भी व्यक्ति उनसे एक बार मिलता है, वह सहज ही उनसे जुड़ जाता है। वे समाज के हर वर्ग के लोगों से समान स्नेह और सम्मान के साथ व्यवहार करते हैं, यही कारण है कि वे सभी वर्गों में लोकप्रिय हैं। श्री राम भक्त सेवा के अध्यक्ष के रूप में दिनेश उर्फ बल्ला निरंतर धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक आयोजनों में सहभागिता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। वहीं साहू संघ मुंगेली के परी क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ समाज को एकजुट करने का उल्लेखनीय कार्य किया है। अपने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में भी दिनेश उर्फ बल्ला पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करते हैं। जिला जनसंपर्क विभाग में वाहन चालक के रूप में वे समयबद्धता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। वे यह सिद्ध करते हैं कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता, बल्कि उसे करने का भाव, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को महान बनाती है।
दिनेश उर्फ बल्ला की सबसे बड़ी पहचान उनका मुस्कुराता चेहरा, मदद के लिए सदैव तत्पर रहना और सभी को साथ लेकर चलने की सोच है। वे हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहते हैं और बिना किसी अपेक्षा के सेवा करना ही उनका जीवन मंत्र है। उनके जन्मदिन के अवसर पर समस्त मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने ईश्वर से उनके दीर्घायु, स्वस्थ और निरंतर समाज सेवा में सक्रिय रहने की कामना की। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दिनेश उर्फ बल्ला जी।




















































