मुंगेली— विकासखंड मुंगेली के ग्राम नवागांव (घु.) में संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर भव्य जयंती समारोह एवं सामुदायिक भवन उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गांव में सामाजिक समरसता, सद्भाव, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों—सत्य, अहिंसा, मानवता और समानता—को आत्मसात करते हुए जयंती समारोह मनाया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन भी किया जाएगा, जो आगे चलकर ग्राम के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा।
इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले उपस्थिति रहेगे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद लखन लाल साहू कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों में श्रीकांत पाण्डेय जी (अध्यक्ष जिला पंचायत मुंगेली), दीनानाथ केशरवानी जी (जिला अध्यक्ष भाजपा मुंगेली), रामकमल सिंह परिहार (अध्यक्ष जनपद पंचायत मुंगेली), उमाशंकर साहू (जिला पंचायत मुंगेली), राजीव श्रीवास (मंडल अध्यक्ष भाजपा) एवं श्रीमती राजकुमारी राजेश साहू (जनपद सदस्य, सुरदा) प्रमुख रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नारायण साहू (सरपंच, नवागांव) द्वारा की जाएगी। आयोजनकर्ता समस्त ग्रामवासियों एवं ग्राम पंचायत नवागांव (घु.), जिला मुंगेली द्वारा किया गया है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
भव्य आयोजन 25 दिसंबर 2025, गुरुवार को आयोजित होगा। दिन में जयंती समारोह एवं सामुदायिक भवन का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा, वहीं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वर गंगा लोक कला मंच, खुजाहा (मुंगेली) द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। लोक कला कार्यक्रम में गायक ताम सिंह साहू एवं उनकी टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे श्रोताओं को सांस्कृतिक आनंद मिलेगा। आयोजन समिति का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों से प्रेरित करने तथा ग्राम के सर्वांगीण विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। ग्रामवासियों ने सभी अतिथियों का स्वागत करने हेतु व्यापक तैयारियां की हैं और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है।




















































