मुंगेली— अयोध्या में श्रीराम मंदिर स्थापना की तृतीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर पूरे शहर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण व्याप्त है। इसी क्रम में शहर के दाऊपारा चौक स्थित श्री राम स्वीट्स एवं डेयरी के शुभारंभ अवसर पर 22 जनवरी 2026, गुरुवार को भव्य भंडारा एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया। आयोजन को लेकर नगर में सुबह से ही उत्साह और चहल-पहल बनी रही, वहीं श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता देखने को मिली। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए हीरालाल वार्ड के पार्षद एवं आयोजनकर्ता निमेश देवांगन ने बताया कि यह धार्मिक-सामाजिक आयोजन किया गया। आयोजन स्थल को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया गया, जहां भगवा ध्वज, पुष्प सज्जा, रंगीन लाइटिंग और भक्ति संगीत की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे परिसर में राम नाम की गूंज और भक्तिमय वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
इस अवसर पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भंडारे में सभी के लिए प्रसादी की उत्तम व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति द्वारा स्वच्छता, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान श्री राम स्वीट्स एवं डेयरी का विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भव्य लोकार्पण किया गया। लोकार्पण अवसर पर उपस्थित अतिथियों और नगरवासियों ने प्रतिष्ठान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संचालकों को शुभकामनाएं दीं। इस नए प्रतिष्ठान के शुभारंभ से क्षेत्र में रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद जताई गई।
आयोजक पार्षद निमेश देवांगन ने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सेवा और भक्ति की भावना को मजबूत करने का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर स्थापना की वर्षगांठ जैसे पावन अवसर पर इस तरह के आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में देवांगन समाज जिला अध्यक्ष आनंद देवांगन (अधिवक्ता), नगर अध्यक्ष सौरभ बाजपेई, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु देवांगन, युवा टीम अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन, सचिव सुदामा देवांगन, सहसचिव जगदीश देवांगन, अनिल देवांगन, नितिन देवांगन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नगर पालिका परिषद मुंगेली के पार्षदों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा। शहर में रामभक्ति की अलख जगाने वाले इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और दिनभर दाऊपारा चौक राममय वातावरण में डूबा रहा।




















































