ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल

मुंगेली —- ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में आयोजित अखंड नवधा रामायण पाठ का समापन समारोह आज भक्ति और आस्था के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम से प्रदेश व देश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला महान ग्रंथ है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, संस्कार और नैतिक मूल्यों का संचार होता है। उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता और धार्मिक आस्था की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद लखनलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, ग्राम पंचायत घुठेरा के सरपंच नारायण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। समापन समारोह के दौरान रामायण पाठ करने वाले मानस मंडल का सम्मान किया गया। भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे और श्रद्धापूर्वक आयोजन में सहभागिता निभाई। सरपंच नारायण साहू ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायत नवागांव घुठेरा में इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ग्रामवासियों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन को लेकर गांव में हर्ष और उल्लास का माहौल बना रहा।



















































