मुंगेली— नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका मुंगेली के अंतर्गत शिवाजी वार्ड में स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत वार्डवासियों को डस्टबिन का वितरण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना तथा वार्ड को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस कार्यक्रम में शिवाजी वार्ड के पार्षद सूरज यादव के साथ जिला महामंत्री संजय यादव एवं चंदू आर्य ने नगर भ्रमण करते हुए लोगों से संवाद किया और स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। वार्ड में घर-घर जाकर नागरिकों को डस्टबिन प्रदान किए गए तथा कचरा इधर-उधर न फेंकने की समझाइश दी गई। डस्टबिन वितरण के दौरान वार्ड के लोगों में काफी उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से वार्ड में स्वच्छ वातावरण बनेगा और लोगों की आदतों में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।इस अवसर पर पार्षद सूरज यादव ने कहा कि”वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वच्छता ही विकास की पहली सीढ़ी है। जब हमारा वार्ड साफ रहेगा तभी हमारा शहर भी सुंदर दिखाई देगा।” उन्होंने आगे कहा कि नगर पालिका के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास सफाई बनाए रखे और कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें।
वहीं जिला महामंत्री संजय यादव ने स्वच्छता को स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा कि, “जब वार्ड स्वच्छ और सुंदर रहेगा तब हमारा शरीर भी स्वस्थ और स्वच्छ रहेगा। स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे प्लास्टिक कचरे का सही निपटान करें और गंदगी फैलाने से बचें। डस्टबिन वितरण अभियान के दौरान वार्डवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए पार्षद सूरज यादव एवं नगर पालिका टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं ताकि शहर को स्वच्छ रखने में सभी की भागीदारी बनी रहे। नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान से शिवाजी वार्ड में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल डस्टबिन वितरण नहीं बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
इस संबंध में जानकारी सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन द्वारा दी गई।



















































